Jhunjhunu Update
झुंझुनूं का नं. 1 न्यूज़ नेटवर्क

झुंझुनूं से बड़ी खबर; वैभव गहलोत के करीबी मुरारी सैनी छोड़ेंगे हाथ का साथ, कुछ ही देर में भाजपा में होंगे शामिल

मुरारी सैनी समेत पांच लोग शामिल होंगे भाजपा में, सीएम के सामने लेंगे सदस्यता

- Advertisement -

0 76

झुंझुनूं। युवा कांग्रेस नेता और वैभव गहलोत के साथ-साथ पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी मुरारी सैनी कांग्रेस का हाथ छोड़कर अब भाजपा में शामिल होंगे। आज झुंझुनूं आ रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में मुरारी सैनी भाजपा में शामिल होंगे। जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुरारी सैनी को चार दिन पहले ही कांग्रेस के ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष ने झुंझुनूं लोकसभा का प्रभारी बनाकर जिम्मेदारी दी थी। इससे पहले वे शांति व अहिंसा विभाग के जिला संयोजक भी रह चुके हैं। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता समेत कई पदों पर काम कर चुके हैं।

मुरारी सैनी को पूर्व सीएम अशोक गहलोत के साथ-साथ पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव की टीम का सदस्य माना जाता है। मुरारी सैनी ने कहा कि कांग्रेस में वंशवाद से पार्टी को नुकसान हो रहा है। वहीं मोदी के नेतृत्व में देश रॉकेट से भी तेज गति से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो राम को नहीं मानता, वो कोई काम का नहीं है। इसलिए वे कांग्रेस छोड़ रहे हैं। आपको बता दें कि मुरारी सैनी के झुंझुनूं लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र ओला से भी राजनैतिक प्रतिद्वंद्वता है। जिसके चलते वे खुद को काफी समय से कांग्रेस में असहज महसूस कर रहे थे। वहीं बीते दो-तीन महीनों से वे कांग्रेस से ज्यादा भगवान श्रीराम से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे थे। वहीं यूपी के डिप्टी सीएम केशवप्रसाद मौर्य से भी उनकी नजदीकियां राजनैतिक चर्चाओं को जन्म दे रही थी। लेकिन आज सभी का पटाक्षेप हो जाएगा। इधर, झुंझुनूं पंचायत समिति से निर्दलीय सदस्य दिनेश सैनी कायस्थपुरा, सुशीला देवी के पुत्र नंदलाल सैनी रतनशहर, जिला कांग्रेस कमेटी के जिला सचिव मनरूप जांगिड़, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र तोलियासर भी आज भाजपा में शामिल होंगे।

सीएम के आने का इंतजार, आते ही कार्यालय का काटेंगे फीता

झुंझुनूं में सीएम की सभा के लिए तैयार किया गया मंच।

लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने झुंझुनूं में अब तक अपना प्रत्याशी घोषित ना किया हो। लेकिन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी कुछ देर बाद झुंझुनूं पहुंचने वाले है। झुंझुनूं में भजनलाल शर्मा और सीपी जोशी करीब तीन घंटे तक रूकेंगे। इसके बाद चुरू के लिए रवाना होंगे। इस दौरान भजनलाल शर्मा व सीपी जोशी का शहर में करीब आधा दर्जन से अधिक जगहों पर स्वागत होगा। इसके बाद दोनों ही नेता एनएमटी कॉलेज के पास भाजपा जिला कार्यालय का फीता काटेंगे। इसके बाद कलस्टर और कलस्टर के बाद कोर कमेटी की बैठक होगी।

दोनों ही बैठकों के लिए सीकर और झुंझुनूं से अपेक्षित नेताओं और कार्यकर्ताओं को फोन द्वारा सूचना दे दी गई है। वहीं आज सुबह से दोनों जगहों से अपेक्षित नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना भी शुरू हो गया है। इधर, बैठक में हिस्सा लेने के लिए कलस्टर प्रभारी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरूण चतुर्वेदी, भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा, सहकारिता मंत्री गौतम डक समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहेंगे। कलस्टर बैठक के लिए मंच पर तीन दर्जन से अधिक कुर्सियां लगाई गई है। जिसमें प्रदेश स्तरीय नेताओं के अलावा दोनों लोकसभा क्षेत्रों के विधायक और विधायक प्रत्याशी, वर्तमान जिलाध्यक्ष व पूर्व जिलाध्यक्ष आदि को जगह दी गई है। कलस्टर बैठक में करीब 350 अपेक्षित तथा कोर कमेटी की बैठक में करीब 50 अपेक्षित सदस्य शामिल होंगे। आपको बता दें कि झुंझुनूं कलस्टर में अलवर लोकसभा भी शामिल है। लेकिन अलवर से कुछ प्रमुख नेताओं को ही बुलाया गया है। इसके अलावा अलवर के कार्यकर्ताओं के लिए अलवर में ही अलग से बैठक का निर्णय पार्टी ने लिया है। सीएम और प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए पूरे शहर को सजाया गया है।