Jhunjhunu Update
झुंझुनूं का नं. 1 न्यूज़ नेटवर्क

पेयजल किल्लत से परेशान महिलाएं पहुंची जलदाय विभाग कार्यालय

नवलगढ़ में बिरोल रोड स्थित हरेकृष्ण नगर में कई दिनों से बना है पेयजल संकट

- Advertisement -

0 98

नवलगढ़। गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी का संकट गहराने लगा है। कस्बे के बिरोल रोड स्थित हरेकृष्ण नगर में कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। कॉलाेनी के घरों में काफी दिनों से जलदाय विभाग द्वारा की जा रही पेयजल की बहुत कम सप्लाई मिल रही है। मुश्किल से आधा घंटा भी पानी नहीं मिल रहा है। पेयजल किल्लत से परेशान कॉलोनी की महिलाएं शुक्रवार सुबह चूणा चौक के पास स्थित जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय पहुंच गई। जहां महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया और जलदाय अधिकारियों को खिलाफ नारे लगाए।

इस मौके पर महिलाओं ने बताया कि काफी दिनों से उनके घरों में रोजाना दो-तीन मटके ही पेयजल सप्लाई आती है। इन महिलाओं ने बताया कि कई बार वार्ड के पार्षद को भी समस्या से अवगत करवाया। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही फील्ड में गए हुए पीएचईडी के कनिष्ठ अभियंता झाबरमल गढ़वाल कार्यालय में पहुंचे। गढ़वाल ने पेयजल समस्या से पीडि़त महिलाओं की शिकायत सुनकर हाथों हाथ संबंधित टंकी से सप्लाई खोलने वाले कर्मचारी से बात कर समाधान के निर्देश दिए। जेईएन गढ़वाल ने शनिवार सुबह सप्लाई की जांच करवाकर समाधान का भरोसा दिया व पेयजल समस्या की सूचना के लिए महिलाओं के साथ आए आदमी को खुद के नंबर भी दिए जब जाकर महिलाएं घर को लौटी। महिलाओं ने चेताया है कि यदि समााधान नही हुआ तो उन्हें मजबूरन अनिश्चितकालीन धरना शुरू करना पड़ेगा। अधिकारियों को दफ्तर से बाहर नहीं निकलने देंगी।

इनका कहना है…
बिरोल रोड स्थित हरेकृष्ण नगर की महिलाओं ने पेयजल किल्लत की पेरशानी से मुझे आज पहली बार अवगत करवाया है। इस क्षेत्र में टंकी से सप्लाई खोलने वाले कर्मचारी को व्यवस्था दुरूस्त करने के सख्त निर्देश दिए हैं। मैं स्वयं सप्लाई के समय जाकर लोगों के घरों में आने वाले पेयजल की मात्रा व समय की जांच करूंगा।
– झाबरमल गढ़वाल, कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग नवलगढ़