Jhunjhunu Update
झुंझुनूं का नं. 1 न्यूज़ नेटवर्क

लोकसभा आम चुनाव 2024; मांगलिक गीत गाते हुए महिलाओं के साथ बूथ पर पहुंची दुल्हन

मंडावा के बूथ 209 में घोड़ी पर चढ़ने से पूर्व दूल्हे हेमराज ने मतदान किया

- Advertisement -

0 51
मंडावा। लोकसभा आम चुनाव 2024 के तहत मतदान के दौरान शुक्रवार को जिले के मंडावा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल रहा। मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी निभाई। वार्ड 21 में मतदान करने पहुंची दुल्हन ने सभी कार्यों के अनुसार मतदान को भी आवश्यक मानते हुए शादी के व्यस्त कार्यक्रमों के बीच मतदान करने अपने परिजनों के साथ मांगलिक गीत गाते हुए बूथ पर जाकर मतदान किया। दुल्हन डिम्पल सोनी ने बताया कि मतदान करने को लेकर काफी उत्साहित थी। एक वोट देश की उन्नति के साथ साथ दिशा और दशा को प्रभावित करते हैं। इसलिए मैंने अपना वोट देश के विकास के लिए डाला है।
मंडावा के एक बूथ पर मतदान करने आया दूल्हा।
वहीं वार्ड 18 की दुल्हन भावना ने भी बूथ पर जाकर अपना मत डाला। बूथ 209 पर ही वार्ड 18 में दूल्हे हेमराज ने मतदान को आवश्यक मानते हुए घोड़ी पर चढ़ने से पूर्व मतदान किया। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कस्बे के वार्ड 21 में शादी से पहले व्यस्त कार्यक्रमों में समय निकालकर दुल्हन डिम्पल सोनी, वार्ड 18 की भावना सिनोदिया और दूल्हा हेमराज ने शादी की रस्मों के साथ मतदान को भी आवश्यक मानते हुए सीधे मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मत का उपयोग किया।

आईआरएस सुशील कुलहरि 21.5 किमी दौड़कर डाला गांव में वोट

आईआरएस कुलहरि की दौड़ को हरी झंडी दिखाते हुए।

झुंझुनूं। लगातार तीसरी बार झुंझुनूं के तिलोका का बास निवासी भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी सुशील कुलहरि मिनी मैराथन पूरी करके अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राजस्थान सरकार के आयोजना विभाग में संयुक्त शासन सचिव के पद पर कार्यरत सुशील कुलहरि ने इससे पहले पिछले लोकसभा चुनाव और हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भी झुंझुनूं से अपने गांव तिलोका का बास तक दौड़ लगाई और फिर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शुक्रवार सुबह कलेक्ट्रेट से एडीएम रामरतन सौंकरिया, आरएएस हवाईसिंह यादव समेत अन्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर सुशील कुलहरि और उनके 10 साल के बेटे यूबी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इससे पहले बातचीत करते हुए सुशील कुलहरि ने बताया कि वे सभी मतदाताओं को संदेश देना चाहते हैं कि जब वे साढ़े 21 किलोमीटर दौड़कर मतदान बूथ पर पहुंचकर वोट दे सकते है। तो वे भी अपने घर से निकले और कुछ मीटर की दूरी पर स्थित मतदान केंद्र पर जाकर वोट जरूर दें। उन्होंने बताया कि वे अब तक 42.2 किलोमीटर की फुल 9 मैराथन और 21.1 किलोमीटर की 38 मिनी मैराथन कर चुके हैं। आज उनकी 39वीं मिनी मैराथन है। कुलहरि ने यह दौड़ करीब सवा दो घंटे में पूरी करके अपने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान केन्द्र पर उनका स्वागत बिसाऊ नायब तहसीलदार रामनिवास मीणा, बीएलओ संजीव कुलहरी और ग्रामवासियों ने किया।