Jhunjhunu Update
झुंझुनूं का नं. 1 न्यूज़ नेटवर्क

अधिक संतान होने की बात छुपा चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बन गए, अब पोल खुली तो पद से हटाया

मलसीसर सहकारी समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश घोड़ेला पद से बर्खास्त

- Advertisement -

0 55

झुंझुनूं । दो से अधिक संतान होने की बात छुपाना मलसीसर ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष को भारी पड़ गया। उन्हें पद से हटना पड़ गया है। सहकारी समिति झुंझुनूं की उप रजिस्ट्रार विभा खेतान ने मलसीसर सहकारी समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश घोड़ेला को पद के अयोग्य मानते हुए हटाया है। उन्होंने बताया कि घोड़ेला ने वर्ष 2022 में हुए चुनाव के दौरान 1995 के बाद तीन संतान होने के बावजूद तथ्य छुपाकर चुनाव लड़ा था। वे जीतकर अध्यक्ष बन गए थे। तथ्य छुपाने के आरोप में उप रजिस्ट्रार ने पद से बर्खास्त कर सदस्यता समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में सहकारी समिति के चुनाव के तुरंत बाद रामवतार कुम्हार ने सहकारी समिति अधिनियम के तहत निर्वाचन अधिकारी, उप रजिस्ट्रार झुंझुनूं को अभियोजन पेश कर मुकदमा दायर किया था। इसकी जांच कर उप रजिस्ट्रार सहकारी समिति झुंझुनूं द्वारा निर्णय दिया गया कि ओमप्रकाश घोड़ेला के जैविक रूप से दो से अधिक संतान 1995 के बाद में पाई गई हैं। लेकिन सहकारी समिति अधिनियम के तहत 1995 के बाद में दो से अधिक संतान पाए जाने पर चुनाव लड़ने के योग्य नहीं है। राशनकार्ड, जन आधार, वोटर पहचान पत्र व आधार कार्ड आदि सभी दस्तावेजों को ध्यान में रखते हुए चुनाव के समय दिए शपथ पत्र में फर्जीवाड़ा व झूठ पाए जाने के कारण घोड़ेला को पद से बर्खास्त किया गया है। सहकारी समिति के अध्यक्ष पद जाने के बाद ओमप्रकाश घोड़ेला को पंचायत के वार्ड पंच से भी इस्तीफा देना पड़ सकता है। सूत्रों की मानें तो समिति के 12 वार्डों में से दो वार्ड महिला के लिए आरक्षित थे। लेकिन किसी महिला ने चुनाव नहीं लड़ा। अध्यक्ष की बर्खास्तगी के बाद तीन वार्ड रिक्त हो गए हैं। अब इसमें प्रशासक की नियुक्ति की संभावना हो गई है। इसके बाद समिति के चुनाव करवाए जाएंगे।

गौरतलब है कि सहकारी समिति अधिनियम के तहत प्रावधान है कि 1995 के बाद दो से अधिक संतान होने पर कोई भी व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता। इसके बावजूद घोड़ेला ने चुनाव लड़ा। बात साबित होने पर उन्हें अयोग्य घोषित किया गया।